ब्रह्म महा पुराणम - ब्रह्म खंड

6-श्रीकृष्णका नारायण आदिको लक्ष्मी आदिका पत्नीरूपमें दान, महादेवजीका दार-संयोगमें अरुचि प्रकट करके निरन्तर भजनके लिये वर माँगना तथा भगवान्का उन्हें वर देते हुए उनके नाम आदिकी महिमा बताकर उन्हें भविष्यमें शिवासे विवाहकी आज्ञा देना तथा शिवा आदिको मन्त्रादिका उपदेश करना

सौति कहते हैं-

तदनन्तर श्रीकृष्ण श्रेष्ठ रत्नोंकी मालाके साथ महालक्ष्मी और सरस्वती - इन दो देवियोंको भी नारायणके हाथमें सादर समर्पित कर दिया। तत्पश्चात् ब्रह्माजीको सावित्री, धर्मको मूर्ति, कामदेवको रूपवती रति और कुबेरको मनोरमा सादर प्रदान की। इसी तरह अन्यान्य स्त्रियोंको भी पतियोंके हाथमें दिया। जो-जो स्त्री जिस जिससे प्रकट हुई थी, उस - उस रूपवती सतीको उसी उसी पतिके हाथों में अर्पित किया। तदनन्तर सर्वेश्वर श्रीकृष्णने योगियोंके गुरु शंकरजीको बुलाकर प्रिय वाणीमें कहा- 'आप देवी सिंहवाहिनीको ग्रहण करें।' श्रीकृष्णका यह वचन सुनकर नीललोहित शिव हँसे और डरते हुए विनीत भावसे उन प्राणेश्वर प्रभु अच्युतसे बोले महादेवजीने पहले प्रकृतिके दोष बताकर उसे ग्रहण न करनेकी इच्छा प्रकट की। फिर इस प्रकार कहा―

श्रीमहेश्वर बोले-

नाथ! मुझे गृहिणी नहीं चाहिये। मुझे तो मनचाहा वर दीजिये। जिस सेवकको जो अभीष्ट हो, श्रेष्ठ स्वामी उसे वही वस्तु देते हैं। मैं आपकी भक्तिमें लगा रहूँ, आपके चरणोंकी दासता सेवा करता रहूँ' यह लालसा - मेरे हृदयमें निरन्तर बढ़ रही है। आपके नाम-जपसे, आपके चरणकमलोंकी सेवासे मुझे कभी तृप्ति नहीं होती है। मैं सोते-जागते हर समय

अपने पाँच मुखोंसे आपके नाम और गुणोंका, जो मङ्गलके आश्रय हैं, निरन्तर गान करता हुआ सर्वत्र विचरा करता हूँ। मेरा मन कोटि-कोटि कल्पोंतक आपके स्वरूपका ध्यान करनेमें ही तत्पर रहे। भोगेच्छामें नहीं, यह योग और तपस्यामें ही संलग्न रहे। आपकी सेवा, पूजा, वन्दना और नाम-कीर्तनमें ही इसे सदा उल्लास प्राप्त हो। इनसे विरत होनेपर यह उद्विग्न हो उठे। सम्पूर्ण वरोंके ईश्वर! आपके नाम और गुणोंका स्मरण, कीर्तन, श्रवण, जप, आपके मनोहर रूपका ध्यान, आपके चरणकमलोंकी सेवा, आपकी वन्दना, आपके प्रति आत्मसमर्पण और नित्य आपके नैवेद्य (प्रसाद) का भोजन - यह - जो नौ प्रकारकी भक्ति है, उसीको मुझे श्रेष्ठ वरदान मानकर दीजिये। प्रभो! सार्ष्टि (आपके समान ऐश्वर्यकी प्राप्ति), सालोक्य (आपके समान लोककी प्राप्ति), सारूप्य (आपके समान रूपकी प्राप्ति), सामीप्य (आपके निकट रहनेका सौभाग्य), साम्य (आपकी समताकी प्राप्ति) और लीनता (आपमें मिलकर एक हो जाना अथवा सायुज्यकी प्राप्ति) मुक्त पुरुष ये छः प्रकारकी मुक्तियाँ - बताते हैं। अणिमा, लघिमा, गरिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, महिमा, ईशित्व, वशित्व, सर्वकामावसायिता, सर्वज्ञता, दूरश्रवण, परकायप्रवेश, वासिद्धि, कल्पवृक्षत्व, सृष्टिशक्ति, संहारशक्ति, अमरत्व और सर्वाग्रगण्यता- ये अठारह सिद्धियाँ मानी गयी हैं। सर्वेश्वर! योग, तप, सब प्रकारके दान, व्रत, यश, कीर्ति, वाणी, सत्य, धर्म, उपवास, सम्पूर्ण तीर्थों में भ्रमण, स्नान, आपके सिवा अन्य देवताका पूजन, देवप्रतिमाओंका दर्शन, सात द्वीपोंकी सात परिक्रमा, समस्त समुद्रोंमें स्नान, सभी स्वर्गीके दर्शन, ब्रह्मपद, रुद्रपद, विष्णुपद तथा परमपद - ये तथा और भी जो अनिर्वचनीय, वाञ्छनीय पद हैं, वे सब के सब आपकी भक्तिके कलांशकी सोलहवीं - कलाके भी बराबर नहीं हैं।

महादेवजीका यह वचन सुनकर भगवान् श्रीकृष्ण हँसे और उन योगिगुरु महादेवजीसे यह सर्वसुखदायक सत्य वचन बोले-

श्रीभगवान्ने कहा-

सर्वज्ञों में श्रेष्ठ सर्वेश्वर शिव! तुम पूरे सौ करोड़ कल्पोंतक निरन्तर दिन रात मेरी सेवा करो। सुरेश्वर! तुम तपस्वीजनों, सिद्धों, योगियों, ज्ञानियों, वैष्णवों तथा देवताओं में सबसे श्रेष्ठ हो । शम्भो ! तुम अमरत्व लाभ करो और महान् मृत्युञ्जय हो जाओ। मेरे वरसे तुम्हें सब प्रकारकी सिद्धियाँ वेदोंका ज्ञान और सर्वज्ञता प्राप्त होगी। वत्स! तुम लीलापूर्वक असंख्य ब्रह्माओंका पतन देखोगे शिव! आजसे तुम ज्ञान, तेज, अवस्था, पराक्रम, यश और तेजमें मेरे समान हो जाओ। तुम मेरे लिये प्राणों से भी अधिक प्रिय हो। तुमसे बढ़कर मेरा कोई प्रिय भक्त नहीं है ―

त्वत्परो नास्ति मे प्रेयांस्त्वं मदीयात्मनः परः । ये त्वां निन्दन्ति पापिष्ठा ज्ञानहीना विचेतनाः ।। पच्यन्ते कालसूत्रेण यावच्चन्द्रदिवाकरौ ।

शिव! तुमसे बढ़कर अत्यन्त प्रिय मेरे लिये दूसरा नहीं है। तुम मेरी आत्मासे बढ़कर हो । जो पापिष्ठ, अज्ञानी और चेतनाहीन मनुष्य तुम्हारी निन्दा करते हैं, वे तबतक कालसूत्र नरकमें पकाये जाते हैं, जबतक चन्द्रमा और सूर्यकी सत्ता रहती है।

शिव! तुम सौ कोटि कल्पोंके पश्चात् शिवाको ग्रहण करोगे। मेरा वचन कभी व्यर्थ नहीं होता। तुम्हें इसका पालन करना चाहिये। तुम मेरे और अपने वचनका भी पालन करो। शम्भो ! तुम प्रकृति (दुर्गा) को ग्रहण करके दिव्य सहस्र वर्षोंतक महान् सुख एवं शृङ्गाररसका आस्वादन करोगे, इसमें संशय नहीं है। तुम केवल तपस्वी नहीं हो मेरे समान ही महान् ईश्वर हो। जो स्वेच्छामय ईश्वर है, वह समयानुसार गृही, तपस्वी और योगी हुआ करता है। शिव ! दार संयोग (पत्नी परिग्रह) में तुमने जो दुःख - बताया है, उसके विषयमें मैं यह कहना चाहता हूँ कि कुलटा स्त्री ही स्वामीको दुःख देती है, पतिव्रता नहीं जो महान् कुलमें उत्पन्न हुई है, कुलीन एवं कुल-मर्यादाका पालन करनेवाली है, वह स्नेहपूर्वक उसी तरह पतिका पालन करती है, जैसे माता उत्तम पुत्रका पति पतित हो या अपतित, दरिद्र हो या धनवान्- कुलवती स्त्रीके लिये वही बन्धु, आश्रय और देवता है। जो नीच कुलमें उत्पन्न हुई हैं, जिनमें माता-पिताके बुरे शील, स्वभाव और आचरणका सम्मिश्रण हुआ है तथा जो परपुरुषोंके उपभोगमें आनेवाली हैं, अवश्य वे ही स्त्रियाँ सदा पतिकी निन्दा करती हैं। जो पतिको हम दोनोंसे भी बढ़कर देखती और समझती है, वह सती साध्वी स्त्री गोलोकमें अपने स्वामीके साथ कोटि कल्पोंतक आनन्द भोगती है। शिव! वह वैष्णवी प्रकृति शिवप्रिया होकर तुम्हारे लिये कल्याणमयी होगी। अतः मेरी आज्ञासे लोक-कल्याणके निमित्त उस साध्वीको भार्यारूपसे ग्रहण करो।

तदनन्तर भगवान् श्रीकृष्णने शिवलिङ्गके स्थापन और पूजनका महान् फल बतलाते हुए कहा- जो 'महादेव', 'महादेव' और 'महादेव' का उच्चारण करता है, उसके पीछे मैं उस नाम श्रवणके लोभसे अत्यन्त भयभीतकी भाँति जाता हूँ। जो मनुष्य 'शिव' शब्दका उच्चारण करके प्राणोंका परित्याग करता है, वह कोटि जन्मोंके उपार्जित पापसे मुक्त हो मोक्ष प्राप्त कर लेता है। 'शिव' शब्द कल्याणका वाचक है और 'कल्याण' शब्द मुक्तिका शिवके उच्चारणसे मोक्ष या कल्याणकी प्राप्ति होती है, इसीलिये महादेवजीको शिव कहा गया है (महादेव महादेव महादेवेति वादिनः ॥

पश्चाद्यामि महात्रस्तो नामश्रवणलोभतः । शिवेति शब्दमुच्चार्य प्राणांस्त्यजति यो नरः ॥

कोटिजन्मार्जितात् पापात् मुक्तो मुक्तिं प्रयाति सः शिवं कल्याणवचनं कल्याणं मुक्तिवाचिकम् ॥ यतस्तत् प्रभवेत्तेन स शिवः परिकीर्तितः। (ब्रह्मखण्ड ६ ४८ – ५०)) ।

धन और भाई-बन्धुओंका वियोग होनेपर जो शोक-सागरमें डूब गया हो, वह मनुष्य शिव शब्दका उच्चारण करके सर्वथा कल्याणका भागी होता है। 'शि' पापनाशक अर्थमें है और 'व' मोक्षदायक अर्थमें महादेवजी मनुष्योंके पापहन्ता और मोक्षदाता हैं। इसलिये उन्हें शिव कहा गया है। जिसकी वाणीमें शिव-

यह मङ्गलमय नाम विद्यमान है, उसके करोड़ों जन्मोंका पाप निश्चय ही नष्ट हो जाता है। शूलधारी महादेवजीसे ऐसा कहकर भगवान् श्रीकृष्णने उन्हें कल्पवृक्ष मन्त्र और मृत्युञ्जय तत्त्वज्ञान दिया। तत्पश्चात् वे सिंहवाहिनी  दुर्गासे बोले ―

श्रीभगवान्‌ने कहा-

वत्से! इस समय तुम गोलोकमें मेरे पास रहो। फिर समय आनेपर कल्याणके आश्रयभूत मङ्गलदाता शिवको पतिरूपमें प्राप्त करोगी सुमुखि! सम्पूर्ण देवताओंके तेजः पुञ्जसे प्रकट हो समस्त दैत्योंका संहार करके तुम सबके द्वारा पूजित होओगी। तदनन्तर कल्प विशेषमें सत्ययुग आनेपर तुम दक्षकन्या सती होओगी और शिवकी सुशीला गृहिणी बनोगी। फिर यज्ञमें अपने स्वामीकी निन्दा सुनकर शरीरका त्याग कर दोगी और हिमवान्‌की पत्नी मेनाके गर्भसे जन्म लेकर पार्वती नामसे विख्यात होओगी। उस समय सहस्र दिव्य वर्षोंतक तुम शिवके साथ विहार करोगी। तत्पश्चात् तुम सर्वदाके लिये पतिके साथ पूर्णतः अभिन्नता प्राप्त कर लोगी। सुरेश्वरि प्रतिवर्ष प्रशस्त समयमें समस्त लोकों में तुम्हारी शरत्कालिक पूजा होगी। गाँवों और नगरोंमें तुम ग्रामदेवताके रूपमें पूजित होओगी तथा विभिन्न स्थानों में तुम्हारे पृथक् पृथक् मनोहर नाम होंगे। मेरी आज्ञासे शिवरचित नाना प्रकारके तन्त्रों द्वारा तुम्हारी पूजा की जायगी। मैं तुम्हारे लिये स्तोत्र और कवचका विधान करूँगा। तुम्हारे सेवक ही महान् और सिद्ध होंगे तथा धर्म, अर्थ, काम एवं मोक्षरूप फलके भागी होंगे। मातः ! पुण्यक्षेत्र भारतवर्ष में जो तुम्हारी सेवा-पूजा करेंगे, उनके यश, कीर्ति, धर्म और ऐश्वर्यकी वृद्धि होगी।

प्रकृतिसे ऐसा कहकर भगवान्ने उसे कामबीज (क्लीं) सहित एकादशाक्षर मन्त्रका उपदेश दिया, जो परम उत्तम मन्त्रराज कहा गया है। फिर विधिपूर्वक ध्यानका उपदेश दिया तथा भक्तोंपर अनुग्रह करनेके लिये श्री (श्रीं), माया (ह्रीं) तथा काम (क्लीं) बीजसहित दशाक्षर मन्त्रका उपदेश दिया। साथ ही सृष्टिके लिये उपयोगी शक्ति और मनोवाञ्छित वस्तु प्रदान करनेवाली सम्पूर्ण सिद्धि देकर भगवान्ने प्रकृतिको उत्कृष्ट तत्त्वज्ञान भी प्रदान किया। इस तरह उसे त्रयोदशाक्षर मन्त्र देकर जगदीश्वर श्रीकृष्णाने शिवको भी स्तोत्र और कवच दिया ब्रह्मन् ! फिर धर्मको भी वही मन्त्र और वही सिद्धि एवं ज्ञान देकर कामदेव, अग्नि और वायुको भी मन्त्र आदिका उपदेश दिया। इसी प्रकार कुबेर आदिको मन्त्र आदिका उत्तम उपदेश देकर विधाताके भी विधाता भगवान् श्रीकृष्ण सृष्टिके लिये ब्रह्माजीसे इस प्रकार बोले -

श्रीभगवान्‌ने कहा-

महाभाग विधे! तुम सहस्त्र दिव्य वर्षोंतक मेरी प्रसन्नताके लिये तप करके नाना प्रकारकी उत्तम सृष्टि करो।

ऐसा कहकर श्रीकृष्णने ब्रह्माजीको एक मनोरम माला दी। फिर गोप-गोपियोंके साथ वे नित्य नूतन दिव्य वृन्दावनमें चले गये। (अध्याय ६)